| मामूली तेजी के साथ खत्म हुआ कारोबार | | बीएस संवाददाता / मुंबई July 19, 2012 | | | | |
दिन भर के कारोबार के दौरान बाजार में स्थिरता अंत तक बरकरार रही। बाजार सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। हालांकि बाजार अपने ऊपरी स्तरों से फिसले लेकिन बाजार में करीब आधे फीसदी की तेजी बनी रही। सेंसेक्स 94 अंक तेज होकर 17,279 के स्तर पर और निफ्टी 26 अंक तेज होकर 5,243 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा सभी प्रमुख एशियाई बाजार तेजी के साथ बंद हुए। जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी तेज होकर 8,796 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1.5 फीसदी चढ़कर 19,559 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी तेजी रही। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। लेकिन फिलहाल एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में सपाट कारोबार देखा जा रहा है। घरेलू बाजारों में केयर्न इंडिया निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3 फीसदी की तेजी रही।
बीपीसीएल, इन्फोसिस, बीएचईएल और आईडीएफसी के शेयरों में भी करीब 2.5 से 3 फीसदी की तेजी रही। जबकि मारुति सुजूकी के मानेसर प्लांट पर मजदूरों के प्रदर्शन के बाद कंपनी के शेयरों में बिकवाली का रुख देखने को मिला। कंपनी के शेयरों में करीब 9 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। कोटक बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, भारती एयरटेल और एसबीआई के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
ऑटो इंडेक्स में आई मामूली गिरावट के अलावा सभी सेक्टोरल इंडिसेज में तेजी दर्ज की गई। आईटी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1.5 फीसदी की तेजी रही। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल ऐंड गैस, पावर और मेटल इंडिसेज भी तेजी के साथ बंद हुए।
|