| दो कारखाने बंद करेगा सेसा गोवा | | भाषा / पणजी July 13, 2012 | | | | |
वेदांता समूह की अनुषंगी सेसा गोवा ने लौह अयस्क की कमी के कारण गोवा में अपने दो संयंत्रों को बंद करने का निर्णय किया है। मानसून के कारण अधिकारियों ने लौह अयस्क के लाने-ले जाने पर रोक लगा दी है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि लौह अयस्क की उपलब्धता न के बराबर रह गई है, ऐसे में अगले 24 घंटे में कारखानों को बंद करना तय है।
बहरहाल, उन्होंने यह नहीं बताया कि कारखाने में कामकाज कब तक बंद रखा जाएगा। कंपनी के कच्चा लोहा (पिग आयरन) इकाई और कोक संयंत्र को बंद किया जाना है। ये दोनों कारखाने बिचोलीम तालुका के अमोना गांव में स्थित है।
दोनों कारखानों में करीब 1,200 कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी ने कहा कि संयंत्रों को गोवा के दक्षिणी भाग में स्थित सेसा के कोडली खदानों से अयस्क नहीं मिल पा रहा है क्योंकि जिला प्रशासन ने बारिश में सड़कों की खराब स्थिति तथा दुर्घटना होने की आशंका के कारण अयस्क के परिवहन पर रोक लगा दी है।
प्रवक्ता के अनुसार, 'सेसा गोवा के संयंत्र 1992 से काम कर रहे हैं और वहां अबतक एक दिन भी काम नहीं रूका था।Ó इन संयंत्रों के बंद होने से राज्य में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। राज्य सरकार सेसा गोवा के गैस आधारित बिजलीघर से 14 से 16 मेगावाट बिजली खरीदती है।
|