| एडीबी ने भारत की वृद्धि दर का अनुमान घटाकर 6.5 प्रतिशत किया | | भाषा / नई दिल्ली July 12, 2012 | | | | |
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 7 प्रतिशत से घटाकर 6.5 प्रतिशत कर दिया है। कमजोर मांग एवं महंगाई की ऊंची दर की वजह से एडीबी ने वृद्धि दर के अनुमान को घटाया है।
एडीबी की 'परिदृश्य अनुपूरक' रिपोर्ट में कहा गया है,'भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2012 में 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। पहले 7 प्रतिशत की वृद्धि दर का अनुमान लगाया गया था। महंगाई की ऊंची दर तथा कमजोर मांग की वजह से भारत का परिदृश्य प्रभावित हुआ है।' एडीबी ने कहा है,'महंगाई की ऊंची दर की वजह से मौद्रिक नीति में अर्थव्यवस्था की रफ्तार को बढ़ाने की गुंजाइश काफी कम है।
महंगाई तथा व्यापार घाटे की वजह से मांग बढ़ाने के वास्ते मौद्रिक नीति के रुख को नरम करना काफी मुश्किल है।' भारतीय रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा 31 जुलाई को पेश करने वाला है। इसके साथ ही एडीबी ने 2013 के लिए भारत की वृद्धि दर के अनुमान को 7.5 प्रतिशत से घटाकर 7.3 प्रतिशत कर दिया है।
|