| इन्फोसिस के नतीजों से निराश हुआ बाजार | |
| बीएस संवाददाता / मुंबई 07 12, 2012 | | | | |
दुनिया भर के बाजारों के कमजोर रुख के चलते घरेलू बाजार भी गिरावट के साथ खुले। बाजार खुलने के साथ ही आईटी कंपनी इन्फोसिस के उम्मीद से खराब तिमाही नतीजे आने के चलते भारी गिरावट देखने को मिल रही है। फिलहाल बाजार में करीब 1 फीसदी की गिरावट है। सेंसेक्स 181 अंक गिरकर 17,307 के स्तर पर और निफ्टी 48 अंक की गिरावट के साथ 5,257 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट दर्ज की गई। डाउ जोंस और एसऐंडपी 500 सहित सभी प्रमुख अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। जापान का निक्केई आधे फीसदी गिरकर 8,803 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1.5 फीसदी गिरावट के साथ 19,116 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी गिरावट देखने को मिल रही है।
घरेलू बाजारों में इन्फोसिस सेंसेक्स का टॉप लूजर है। कंपनी के शेयरों में करीब 8 फीसदी की गिरावट है। विप्रो, टीसीएस, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। जबकि हीरो मोटोकॉर्प, सिप्ला, आईटीसी, एचयूएल और मारुति सुजूकी के शेयरों में मामूली तेजी देखने को मिल रही है।
एफएमसीजी, ऑयल ऐंड गैस और हेल्थकेयर इंडिसेज में आई मामूली बढ़ोतरी के अलावा शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडिसेज में गिरावट दर्ज की जा रही है। आईटी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 5 फीसदी की गिरावट है। इसके अलावा रियल्टी, ऑटो और कैपिटल गुड्स इंडिसेज भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। आज के कारोबार के दौरान निवेशकों की नजर जारी होने वाले आईआईपी के आंकड़ों पर रहेगी।
|