| बिजली की मांग में आई भारी कमी | | भाषा / लखनऊ July 09, 2012 | | | | |
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश के चलते गर्मी में आई कमी के कारण बिजली की मांग में भारी कमी आई है। उत्तर प्रदेश विद्युत निगम लिमिटेड के सूत्रों ने आज यहां बताया कि करीब हफ्ते भर पहले राज्य में बिजली की मांग 13 हजार मेगावॉट थी लेकिन पिछले तीन-चार दिन से हो रही बारिश के बाद इसमें करीब चार हजार मेगावॉट की गिरावट आई है।
उन्होंने बताया कि मांग में इस गिरावट की वजह से गत सात जुलाई से विद्युत निगम ने बिजली कटौती नहीं की है। जाहिर है कि इससे लोगों को काफी राहत मिली है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में पिछले दिनों हुई बड़े पैमाने पर बरसात के कारण बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच अंतर लगभग समाप्त हो गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के कारण जगह-जगह स्थानीय खराबी के चलते आपूर्ति बंद होने के कारण भी बिजली की कम खपत हुई।
|