| गिरावट के रुख के साथ बंद हुआ बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई July 06, 2012 | | | | |
दिनभर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे बाजार उबरते हुए नजर आए । एफएमसीजी और बैंकिंग क्षेत्र की कंपनियों में बढ़ी खरीदारी के चलते घरेलू बाजार गिरावट से उबरे। हालांकि यूरोपीय बाजारों की कमजोर शुरुआत के चलते बाजार में दबाव देखने को मिला। बाजार सपाट कारोबार करते हुए बंद हुआ। सेंसेक्स 18 अंक गिरकर 17,521 के स्तर पर और निफ्टी 10 अंक की गिरावट के साथ 5,317 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई करीब 0.7 फीसदी गिरकर 9,020 के स्तर पर और हैंगसेंग सपाट कारोबार करते हुए 19,800 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत सुस्त रही। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है।
घरेलू बाजारों में जिंदल स्टील निफ्टी का टॉप लूजर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3.5 फीसदी की गिरावट रही। सेसागोवा, मारुति सुजूकी, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयरों में भी करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। जबकि आईसीआईसीआई बैंक निफ्टी का टॉप गेनर है। बैंक के शेयरों में करीब 1.5 फीसदी की तेजी रही।
महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, एचयूएल, एचडीएफसी और सिप्ला के शेयरों में करीब 1 फीसदी की तेजी देखने को मिली। एफएमसीजी और बैंकेक्स इंडिसेज में आई मामूली तेजी के अलावा सभी सेेक्टोरल इंडिसेज में गिरावट दर्ज की गई।
रियल्टी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1.5 फीसदी की गिरावट है। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और कैपिटल गुड्स इंडिसेज भी गिरावट के साथ बंद हुए। सकारात्मक खबरों के आधार पर इंडिया सीमेंट्स, मैरिको, केएसके एनर्जी और जैन इरिगेशन के शेयरों में तेजी का रुख रहा।
|