| गिरावट से उबरे बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई July 06, 2012 | | | | |
करीब आधे फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे बाजार उबरते हुए नजर आ रहे हैं। एफएमसीजी और बैंकिंग क्षेत्र की कंपनियों में बढ़ रही खरीदारी के चलते घरेलू बाजार गिरावट से उबर रहे हैं। हालांकि यूरोपीय बाजारों की सुस्त शुरुआत के चलते बाजार में दबाव देखने को मिल रहा है।
फिलहाल बाजार में सपाट कारोबार देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स 11 अंक गिरकर 17,527 के स्तर पर और निफ्टी 9 अंक की गिरावट के साथ 5,319 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई करीब 0.7 फीसदी गिरकर 9,020 के स्तर पर और हैंगसेंग सपाट कारोबार करते हुए 19,800 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए।
घरेलू बाजारों में जिंदल स्टील निफ्टी का टॉप लूजर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3.3 फीसदी की गिरावट है। स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, सेसागोवा, एशियन पेंट्स और डीएलएफ के शेयरों में भी करीब 1.5-2 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा रही है। जबकि महिंद्रा ऐंड महिंद्रा निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 1.5 फीसदी की तेजी है।
आईसीआईसीआई बैंक, बीपीसीएल, एचयूएल और सिप्ला के शेयरों में करीब 1 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। एफएमसीजी और बैंकेक्स इंडिसेज में आई मामूली तेजी के अलावा सभी सेेक्टोरल इंडिसेज में गिरावट दर्ज की जा रही है। मेटल इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1.5 फीसदी की गिरावट है। इसके अलावा रियल्टी, कैपिटल गुड्स और आईटी इंडिसेज भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
|