| 'वित्त वर्ष के अंत तक हम होंगे काफी आगे' | | सुस्ती के बावजूद जनरल मोटर्स (जीएम) इंडिया को भारतीय बाजार से बहुत उम्मीदें हैं। कंपनी को पूरा यकीन है कि त्योहारों का मौसम शुरू होने के साथ ही हालात सुधरने लगेंगे। चंडीगढ़ में नई शेव्रले क्रूज लॉन्च करने के मौके पर जीएम इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लॉवेल सी पैडॉक ने विजय रॉय से बातचीत की, जिसमें बाजार की मौजूदा हालत पर चर्चा हुई। प्रमुख अंश: / July 03, 2012 | | | | |
मौजूदा कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में जीएम इंडिया की बिक्री कैसी रही?
जनवरी-जून 2012 छमाही के दौरान हमने 48,000 वाहनों (सभी मॉडल) की बिक्री की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 52,000-53,000 वाहनों की बिक्री हुई थी।
बिक्री में गिरावट की मुख्य वजह क्या रही?
ऊंची ब्याज दरें, ईंधन कीमतों में वृद्धि और आर्थिक विकास में सुस्ती के चलते वाहनों की बिक्री घटी है, लेकिन हमें उम्मीद है कि इस साल अक्टूबर तक बाजार में एक बार फिर तेजी आएगी।
आप भी वाहनों के बढ़ते भंडार की समस्या का सामना कर रहे हैं?
हमें इस तरह की समस्या नहीं हैं। हम मांग के मुताबिक उत्पादन करते हैं, लिहाजा हमारे पास बिक्री के इंतजार में पड़े ढेर सारे वाहन नहीं हैं।
मौजूदा कैलेंडर वर्ष के दौरान आपको कैसी कारोबारी वृद्धि की उम्मीद है?
उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान यह उद्योग 5-8 फीसदी की दर से बढ़ेगा। मौजूदा कैलेंडर वर्ष में हमारा कारोबार इस पूरे उद्योग के कारोबार के मुताबिक की आगे बढ़ेगा, लेकिन वित्त वर्ष के अंत तक हम इस मामले में अन्य कंपनियों से आगे निकलने की उम्मीद रखते हैं।
कारोबार बढऩे की अहम वजहें क्या होंगी?
हमें उम्मीद है कि आगामी महीनों में हालात सुधरेंगे और निकट भविष्य के नए मॉडलों की बदौलत कारोबार बढ़ेगा।
भविष्य के मॉडलों के बारे में कुछ बताएंगे?
वर्ष 2012 के दौरान हमने भारतीय कार बाजार में तीन नए मॉडल उतारने की योजना बनाई है। यह कंपनी के हैचबैक प्रोफाइल को नई शक्ल देने और नैशनल सर्किट में बिक्री बढ़ाने की कोशिश है। आगामी कुछ महीनों में हम हैचबैक और सिडैन, दोनों संस्करणों में 'सेल' लॉन्च करेंगे।
नई सिडैन शेव्रले क्रूज किस मायने में खास है?
हमने प्रीमियम सिडैन में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए नई क्रूज बाजार में उतारी है। इस साल यूवी श्रेणी की वृद्धि 57 फीसदी रही है। भारत में यह कार वर्ष 2009 में पेश की गई थी, जिसे अब तक अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इसके नए मॉडल के इंजन और ट्रांसमिशन पर नए सिरे से काम किया गया है, जिससे बेहतर पावर और एक्सलेरेशन मिलेगा।
|