| तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत | |
| बीएस संवाददाता / मुंबई 07 03, 2012 | | | | |
दुनिया भर के बाजारों के मजबूत रुख के चलते घरेलू बाजार भी तेजी के साथ खुले। फिलहाल बाजार में करीब आधे फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 95 अंक तेज होकर 17,494 के स्तर पर और निफ्टी 27 अंक तेज होकर 5,305 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
कारोबारी हफ्ते के पहले दिन अमेरिकी बाजारों में तेजी का रुख दर्ज किया गया। डाउ जोंस सपाट कारोबार के साथ 12,871 के स्तर पर और एसऐंडपी 500 0.25 फीसदी चढ़कर 1,366 के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा अमेरिकी बाजारों में आई तेजी के चलते एशियाई बाजारों की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। जापान का निक्केई आधे फीसदी तेज होकर 9,062 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1.5 फीसदी चढ़कर 19,738 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू बाजारों में गेल इंडिया सेंसेक्स का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 1.5 फीसदी की तेजी है। ओएनजीसी, डा. रेड्डीज़ लैब, मारुति सुजूकी और एचडीएफसी के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिल रहा है।
जबकि आईटीसी, जिंदल स्टील और कोल इंडिया के शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। एफएमसीजी इंडेक्स में आई मामूली गिरावट के अलावा शुरुआती कारोबार में सभी सेेक्टोरल इंडिसेज में तेजी दर्ज की जा रही है।
रियल्टी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की तेजी है। इसके अलावा बैंकेक्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स इंडिसेज भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
|