| ..तो बाजार को भी मिला दम | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 29, 2012 | | | | |
सरकार की ओर से गार प्रावधानों को पिछली तिथि से लागू नहीं करने के संकेत से जहां निवेशकों की धारणा को बल मिला वहीं विदेशी निवेशकों ने बाजार में जमकर लिवाली की। इससे आज को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स करीब 2 फीसदी बढ़त पर बंद हुआ। वैश्विक बाजार में तेजी और डॉलर के मुकाबले यूरो में सुधार से भी बाजार को बल मिला। वित्त मंत्रालय ने गार पर जारी दिशानिर्देश में गुरुवार को कहा था कि गार प्रस्ताव पिछली तिथि से लागू नहीं होगा या फिर एक निश्चित सीमा से ज्यादा की धनराशि के मामलों में ही लागू होगा।
बीएसई पर आज विदेशी संस्थागत निवेशकों ने करीब 3,000 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जिससे सेंसेक्स में करीब 440 अंक की तेजी देखी गई। सेंसेक्स आज 439.22 अंक चढ़कर 17,429.98 पर बंद हुआ, वहीं नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 129.75 अंक बढ़कर 5,278.90 पर बंद हुआ, जो दो माह का उच्च स्तर है। दोनों सूचकांकों में इस महीने करीब 7.5 फीसदी की तेजी आई है, जो जनवरी के बाद एक माह में सबसे ज्यादा उछाल है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा वित्त मंत्रालय का प्रभार अपने हाथ में लेने के साथ ही पिछले चार दिन में सेंसेक्स करीब 550 अंक मजबूत हो चुका है। वैश्विक बाजारों में एशियाई बाजार 1.11 से 2.19 फीसदी के दायरे में बढ़त लेकर बंद हुए जबकि यूरोपीय बाजारों में भी तेजी का रुख देखा गया।
|