| सपाट बंद हुए बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 28, 2012 | | | | |
सुबह से मामूली तेजी के साथ कारोबार कर रहे बाजार सपाट कारोबार करते हुए बंद हुए। सेंसेक्स 23 अंक गिरकर 16,991 के स्तर पर और निफ्टी 7 अंक तेज होकर 5,149 के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला।
जहां एक ओर जापान का निक्केई 1.7 फीसदी तेज होकर 8,874 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1 फीसदी गिरकर 19,025 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में गिरावट देखने को मिली।
यूरोपीय बाजारों की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में फिलहाल 1 से 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। घरेलू बाजारों में जेपी एसोसिएट्स निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 2.8 फीसदी की तेजी रही।
टाटा स्टील, एसीसी, आईटीसी और टाटा पावर के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। जबकि सेसा गोवा, गेल इंडिया, आईडीएफसी, स्टरलाईट इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक के शेयर मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।
सेक्टोरल इंडिसेज में बैंकेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑयल ऐंड गैस, कैपिटल गुड्स और रियल्टी इंडिसेज में गिरावट का रुख देखने को मिला। जबकि एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और पावर इंडिसेज में तेजी दर्ज की गई।
एफएमसीजी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की तेजी रही। आज जून सीरिज के एफऐंडओ सौदों की एक्सपायरी पर भी निवेशकों की विशेष नजर रही। सकारात्मक खबरों के आधार पर गैबरियल इंडिया, रोल्टा इंडिया और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी आई।
|