| बाजार में स्थिर कारोबार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 28, 2012 | | | | |
घरेलू बाजारों में हल्की तेजी का रुख अभी भी बरकरार है। फिलहाल बाजार में करीब 0.3 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 52 अंक तेज होकर 17,020 के स्तर पर और निफ्टी 15 अंक तेज होकर 5,156 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर जापान का निक्केई 1.7 फीसदी तेज होकर 8,876 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 54 अंक चढ़कर 19,231 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में गिरावट देखने को मिल रही है।
घरेलू बाजारों में टाटा पावर सेंसेक्स का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 2 फीसदी की तेजी है। एनटीपीसी, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, कोल इंडिया और जिंदल स्टील के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। जबकि टाटा मोटर्स, गेल इंडिया, एचयूएल, टीसीएस के शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। बैंकेक्स और रियल्टी इंडिसेज में मामूली गिरावट के अलावा
सभी सेक्टोरल इंडिसेज में तेजी दर्ज की जा रही है। पावर इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की तेजी है। इसके अलावा मेटल, कैपिटल गुड्स और पीएसयू इंडिसेज भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। आज जून सीरिज के एफऐंडओ सौदों की एक्सपायरी पर भी निवेशकों की विशेष नजर रहेगी। सकारात्मक खबरों के आधार पर गैबरियल इंडिया और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी दर्ज की जा रही है।
|