| मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 27, 2012 | | | | |
तेजी के साथ खुले घरेलू बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों के आधार पर बाजार में कमजोरी आई। बाजार करीब 0.4 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 61 अंक तेज होकर 16,968 के स्तर पर और निफ्टी 21 अंक तेज होकर 5,142 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी तेज होकर 8,730 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1 फीसदी चढ़कर 19,177 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिला। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत कमजोर रही। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में मामूली तेजी दर्ज की जा रही है।
घरेलू बाजारों में सेसा गोवा निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3.5 फीसदी की तेजी रही। आईडीएफसी, टाटा स्टील, टाटा पावर और एचसीएल टेक के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। जबकि टाटा मोटर्स, केयर्न इंडिया, कोटक बैंक, एसीसी और जेपी एसोसिएट्स के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडिसेज में आई गिरावट के अलावा सभी सेक्टोरल इंडिसेज में तेजी दर्ज की गई। मेटल इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1.5 फीसदी की तेजी रही। वहीं दूसरी ओर दिल्ली सरकार द्वारा बिजली की कीमतों में किए गये इजाफे के बाद पावर कंपनियों के शेयरों में खरीदारी बढ़ी।
पावर इंडेक्स भी करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। इसके अलावा आईटी, हेल्थकेयर और पीएसयू इंडिसेज भी तेजी के साथ बंद हुए। सकारात्मक खबरों के आधार पर माइंड ट्री, मण्णुपरम फाइनैंस, गेटवे डिस्ट्रीपार्कस और यूनाईटेड फास्फोरस के शेयरों में तेजी देखने को मिली।
|