| अब एक क्लिक पर वित्तीय मदद व सलाह | | एम सरस्वती / मुंबई June 24, 2012 | | | | |
देश के उद्यमियों को अब वित्तीय मदद के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनुभवी सलाहकारों से अपने सवालों पर सलाह भी ले सकेंगे। दरअसल यह सब मुमकिन हो पाएगा हाल ही में पेश की गई व्यावसायिक नेटवर्किंग साइट ईफैक्टर के कारण।
उद्यमियों के लिए ईफैक्टर एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो उद्यमियों को एक दूसरे और संभवित निवेशकों से मिलने की सुविधा मुहैया कराता है। वैश्विक स्तर पर यह प्लेटफॉर्र्म 2008 से उपलब्ध है और 185 देशों में इसके 10 लाख ग्राहक हैं। वित्तीय मदद के अलावा पोर्टल पर राजस्व बढ़ाने और लागत घटाने के बारे में भी सुझाव दिए जाते हैं।
ईफैक्टर के कंट्री प्रबंधक नितेश चंद्रा ने कहा, 'भारत में इस पोर्टल पर काफी संख्या में पंजीकरण हुए हैं। जिस भी व्यक्ति को उद्यमिता में दिलचस्पी है, चाहे वह उद्यमी हो, वेंचर कैपिटलिस्ट हो या वेंडर, उसे हमारा पोर्टल काफी आकर्षक लगेगा।' उन्होंने बताया कि पोर्टल में चार बातों पर खास ध्यान दिया गया है- वेंडरों से सौदे दिलाकर लागत घटाना, वित्तीय मदद मुहैया कराना, कारोबार से जुड़ी जानकारियों के जरिये राजस्व जुटाना और नेटवर्किंग व सलाहकार गतिविधियों के जरिये ज्ञानवर्धन करना। चंद्रा ने कहा, 'दुनिया भर में उद्यमों के शुरू होते ही खत्म होने की दर काफी ज्यादा है। यह पोर्टल जानकारी मुहैया कराकर उद्यमियों द्वारा होने वाली गलतियों की आशंकाए कम करता है।'
चंद्रा ने बताया कि इस पोर्टल के सह-संस्थापक एड्री रीन्डर्स और मरियन फ्रेसेन भारत में इस साइट के लिए संभावनाएं तलाशने के लिए नियमित रूप से यहां का दौरा कर रहे थे। यह पोर्टल उद्यमियों को सही निवेशकां से मिलने में मदद करता है, चाहे वह ऐंजल निवेशक, वेंचर कैपिटल हों या ऋण आधारित कोष, यह उनकी जरूरत पर निर्भर रहता है। इस प्लेटफॉर्म के जरिये उद्यमियों को ई-मेंटरिंग की सुविधा भी दी जाती है। इस पोर्टल का सबसे खास फीचर है टूलबॉक्स। यह टूलबॉक्स बिजनेस-टु-बिजनेस उत्पादों और सेवाओं के लिए बाजार की तरह है। पोर्टल ने टूलबॉक्स पार्टनरों के साथ राजस्व साझेदारी का करार किया हुआ है।
इस पोर्टल का सदस्य बनने का कोई शुल्क नहीं है लेकिन वीआईपी सदस्य बनने के लिए ग्राहकों को कुछ शुल्क जमा करना होगा।
|