| मंत्रालय की पहली तीन मंजिल काम के लिए सुरक्षित | | संजय जोग / मुंबई June 24, 2012 | | | | |
महाराष्ट्र सचिवालय में लगी भीषण आग के बाद शुरुआती जांच से पता चला है कि मंत्रालय भवन में भूतल और तीन मंजिल उपयोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि फिलहाल चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल के संरचनात्मक परीक्षण का काम चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अलावा विशेषज्ञों की टीम संरचनात्मक परीक्षण कर रही है। लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल ने कहा ने बिजनेस स्टैंडर्ड के साथ बातचीत में कहा, 'मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण मंत्रालय की पहली मंजिल पर और उपमुख्यमंत्री अजित पवार दूसरी मंजिल पर जल्द ही अपना काम शुरू करेंगे। हमें उम्मीद है कि तीन महीने भीतर भवन को फिर से काम के लिए तैयार कर लिया जाएगा।' उधर चव्हाण ने भी मंत्रियों और सचिवों के साथ बैठक के बाद संकेत दिया है कि वह और पवार सोमवार से अपना काम शुरू कर देंगे।
उन्होंने कहा, 'हम इन्हीं तलों पर कैबिनेट की बैठक आयोजित करने की भी कोशिश कर रहे हैं। ये मंजिलें उपयोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं जबकि चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल के संरचनात्मक परीक्षण का काम अभी चल रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और आईआईटी, मुंबई से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है जो इसकी जांच कर रही है।' उन्होंने कहा कि जांच के बाद इनके पुनर्विकास से जुड़े सभी कामों को जल्द पूरा किया जाएगा।
नष्ट फाइलें फिर से होंगी तैयार
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य सचिवालय में लगी भीषण आग के मद्देनजर सभी क्षतिग्रस्त फाइलों को फिर से तैयार करने के वास्ते तीन वर्गीकरण किए हैं।
क्षतिग्रस्त फाइलों को हासिल करने के लिए लोगों से मिलने वाले आवेदनों और दस्तावेजों, राज्य सरकार के कार्यालयों और विभागों के भीतर के दस्तावेजों और केंद्र सरकार तथा अन्य दफ्तरों के दस्तावेजों के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा। शहरी विकास, राजस्व, राहत एवं पुनर्वास, वन, गृह, पर्यटन, परिवहन, बंदरगाह और एफडीए विभाग आग में प्रभावित हुए हैं। आग में मुख्यमंत्री कार्यालय, उपमुख्यमंत्री कार्यालय, आदिवासी कल्याण मंत्री का कार्यालय, पर्यावरण, पशुपालन और मत्स्यिकी, विभाग के परिसर क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे नागरिकों से संपर्क करें और उनसे 'मंत्रालय' में दिए गए आवेदन की रसीद के साथ आवेदन की प्रति और संबंधित दस्तावेजों को तहसील कार्यालय में जमा करें।
|