| संभले बाजार, यूरोप में कमजोरी | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 22, 2012 | | | | |
सुबह से गिरावट के साथ कारोबार कर रहे बाजार में गिरावट का रुख अभी भी बरकरार है। रुपये के 57 का स्तर पार कर जाने के चलते कुछ देर पहले तक करीब 200 अंक गिरकर कारोबार कर रहे बाजार गिरावट से उबरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि यूरोपीय बाजारों से भी कमजोर संकेत ही मिलते दिख रहे हैं। सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है। सेंसेक्स 46 अंक गिरकर 16,986 के स्तर पर और निफ्टी 13 अंक लुढ़क कर 5,151 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं एशियाई बाजार कमजोर कारोबार करते हुए बंद हुए। जापान का निक्केई सपाट कारोबार करते हुए 8,798 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1.5 फीसदी की गिरावट के साथ 18,995 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा ताईवान के बाजार में भी गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में करीब 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा रही है। घरेलू बाजारों में जेपी एसोसिएट्स निफ्टी का टॉप लूजर है। हिंडाल्को, एसीसी, टाटा स्टील और अंबुजा सीमेंट के शेयरों में गिरावट का रुख है। जबकि ओएनजीसी, बैंक ऑफ बड़ौदा, मारुति सुजूकी, कोटक बैंक और सिप्ला के शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है।
|