| बाजार में गिरावट बरकरार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 22, 2012 | | | | |
सुबह से गिरावट के साथ कारोबार कर रहे बाजार में गिरावट का रुख अभी भी बरकरार है। हालांकि ऑटो शेयरों में आई तेजी से बाजार को थोड़ा सहारा मिलता जरूर दिख रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है। सेंसेक्स 59 अंक गिरकर 16,973 के स्तर पर और निफ्टी 20 अंक लुढ़क कर 5,145 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं एशियाई बाजारों के कारोबार में भी कमजोरी का रुख देखा जा रहा है।
जापान का निक्केई सपाट कारोबार करते हुए 8,812 के स्तर पर और हैंगसेंग 1 फीसदी की गिरावट के साथ 19,065 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा ताईवान के बाजार में भी गिरावट है। घरेलू बाजारों में मारुति सुजूकी सेंसेक्स का टॉप गेनर है। सिप्ला, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो और महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयरों में तेजी का रुख है। जबकि हिंडाल्को, एचडीएफसी, टाटा स्टील, टाटा पावर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है।
सेक्टोरल इंडिसेज में मेटल इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके अलावा ऑयल ऐंड गैस, आईटी और कैपिटल गुड्स इंडिसेज में भी गिरावट का रुख है। जबकि ऑटो इंडेक्स करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। सकारात्मक खबरों के आधार पर आईटीसी, कॉक्स ऐंड किंग्स और वेलस्पन कॉरपोरेशन के शेयरों में तेजी दर्ज की जा रही है।
|