| तेजी के रुख के साथ बंद हुए बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 21, 2012 | | | | |
सुबह से सुस्त कारोबार कर रहे बाजार में कारोबार के अंतिम घंटे में तेजी लौटी। मेटल, बैंकेक्स, कैपिटल गुड्स और रियल्टी शेयरों में खरीदारी बढऩे के चलते बाजार अपने निचले स्तर से उबरते दिखे। सेंसेक्स 136 अंक चढ़कर 17,033 के स्तर पर और निफ्टी 44 अंक उछलकर 5,165 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। जहां एक ओर जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी तेज होकर 8,824 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं दूसरी ओर हैंगसेंग में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा शांघाई के बाजार में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत मामूली गिरावट के साथ हुई। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में गिरावट दर्ज की जा रही है।
घरेलू बाजार में जेपी एसोसिएट्स निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 4.5 फीसदी तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा रिलायंस इन्फ्रा, डीएलएफ, बीएचईएल, और पीएनबी के शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर आरआईएल के शेयरों में करीब 2.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा केयर्न इंडिया, टीसीएस, अंबुजा सीमेंट और एसीसी के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
सेक्टोरल इंडिसेज में कैपिटल गुड्स इंडेक्स सबसे तेज रहा। इंडेक्स 2 फीसदी से भी अधिक की तेजी के साथ बंद हुआ। रियल्टी, एफएमसीजी, मेटल और पावर इंडिसेज भी तेजी के साथ बंद हुए। वहीं दूसरी ओर ऑयल ऐंड गैस इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडिसेज में भी गिरावट दर्ज की गई। सकारात्मक खबरों के आधार पर जियोमेट्रीक लिमिटेड और मास्टेक लिमिटेड के शेयरों में तेजी देखी गई।
|