| मामूली तेजी के साथ खुले बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 20, 2012 | | | | |
दुनिया भर के बाजारों के कमजोर रुख के चलते घरेलू बाजार भी मामूली तेजी के साथ खुले। फिलहाल बाजार में करीब आधे फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 33 अंक तेज होकर 16,892 के स्तर पर और निफ्टी 11 अंक तेज होकर 5,115 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बीते दिन अमेरिकी बाजारों में तेजी दर्ज की गई। डाउ जोंस करीब 0.8 फीसदी तेजी के साथ 12,837 के स्तर पर और एसऐंडपी 500 करीब 1 फीसदी तेज होकर 1,358 के स्तर पर बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों में आई मजबूती के चलते एशियाई बाजारों की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। फिलहाल एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी तेज होकर 8,730 के स्तर पर और हैंगसेंग आधे फीसदी चढ़कर 19,498 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है। घरेलू बाजारों में स्टरलाइट इंडस्ट्रीज सेंसेक्स का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 1.5 फीसदी की तेजी है। जिंदल स्टील, भेल, गेल इंडिया और टाटा मोटर्स के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिल रहा है।
जबकि मारुति सुजूकी, आईटीसी, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक और इन्फोसिस के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की तेजी है। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, मेटल और पावर इंडिसेज भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। जबकि रियल्टी, आईटी, एफएमसीजी इंडिसेज में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है।
|