चुनाव आयोग ने आज चेतावनी दी कि वह गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान शांतिभंग करने या वातावरण को खराब करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा ।
मुख्य चुनाव आयुक्त वी. एस. सम्पत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हम चुनाव के दौरान वातावरण खराब नहीं होने देंगे क्योंकि इसे बेहतर बनाए रखना हमारी मुख्य जिम्मेदारी है ।
वह चुनाव से पहले की तैयारियों का जायजा लेने और राज्य के विधानसभा चुनावों में भाग ले रही विभिन्न पार्टियों के विचार जानने के लिए आयोग के अन्य सदस्यों के साथ यहां आए थे ।
इस दौरान चुनाव आयोग को कुछ सरकारी अधिकारियों और चुनाव से जुड़े कुछ अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं ।
विपक्षी दल कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की है कि सत्तारूढ़ भाजपा सांप्रदायिक आधार पर मत जुटाने की कोशिश कर रही है । कांग्रेस ने यह भी कहा है कि कुछ सरकारी अधिकारी भाजपा के लिए काम कर रहे हैं ।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, हमने अधिकारियों के सामने स्पष्ट कर दिया है कि उनके आचरण पर करीब से निगाह रखी जाएगी । हम निष्पक्षता और तटस्थता से भटकाव को बर्दाश्त नहीं करेंगे ।