| तेजी के साथ बंद हुए बाजार | | बीएस संवाददाता / मुंबई June 19, 2012 | | | | |
कारोबार के आखिरी घंटे में निवेशकों द्वारा खरीदारी बढ़ाने के चलते घरेलू बाजारों में तेजी लौटी। बाजार करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 154 अंक तेज होकर 16,860 के स्तर पर और निफ्टी 40 अंक तेज होकर 5,104 के स्तर पर बंद हुआ। एशियाई बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी लुढ़ककर 8,655 के स्तर पर और हैंगसेंग 11 अंक गिरकर 19,416 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत सुस्त हुई। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में मामूली तेजी दर्ज की जा रही है।
घरेलू बाजारों में अंबुजा सीमेंट निफ्टी का टॉप गेनर रहा। कंपनी के शेयरों में करीब 3.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। गेल, सीमेंस, आर-आई-एल, और आई-टी-सी शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। जबकि सेसा गोवा, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, केयर्न इंडिया और पी-एन-बी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
ऑयल ऐंड गैस क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है। जिसके चलते ऑयल ऐंड गैस इंडेक्स में करीब 2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा एफएमसीजी, हेल्थकेयर, पीएसयू और कैपिटल गुडस इंडिसेज में भी तेजी रही। सकारात्मक खबरों के आधार पर तेजी के साथ कारोबार करने वाले शेयरों में ग्लोडाईन टेक्रोसर्व, माइंड ट्री और वीनस रेमेडीज प्रमुख हैं।
|