| महंगाई के आंकड़ों से निराश हुए बाजार | |
| बीएस संवाददाता / मुंबई 06 14, 2012 | | | | |
महंगाई के अधिकारिक आंकड़े जारी होने के बाद बाजार में गिरावट गहराती दिखाई दे रही है। मुद्रास्फीति मई महीने में बढ़कर 7.55 फीसदी हो गई, अप्रैल महीने में यह 7.23 फीसदी थी। मामूली गिरावट के साथ खुले बाजार में आधे फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की जा रही है। निफ्टी 5,100 के महत्त्वपूर्ण स्तर से नीचे लुढ़क गया है।
फिलहाल सेंसेक्स 108 अंक लुढ़क कर 16,773 के स्तर पर और निफ्टी 37 अंक की गिरावट के साथ 5,084 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख बरकरार है। जापान का निक्केई सपाट कारोबार करते हुए 8,569 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 1 फीसदी गिरकर 18,825 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी गिरावट देखी जा रही है। घरेलू बाजारों में एलऐंडटी सेंसेक्स का टॉप लूजर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3 फीसदी की गिरावट है। टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एसबीआई के शेयरों में भी करीब 2 फीसदी की गिरावट है।
जबकि इन्फोसिस, आईटीसी, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज और टीसीएस के शेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। सेक्टोरल इंडिसेज में कैपिटल गुड्स इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 2 फीसदी की गिरावट देखी जा रही है। बैंकेक्स, रियल्टी, पावर और पीएसयू इंडिसेज में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके अलावा आईटी इंडेक्स में करीब आधे फीसदी की तेजी है।
|