मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में आज से तीन दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन की शुरूआत के बीच उद्योगों के लिये उपजाउ कृषि भूमि के अधिग्रहण की सरकारी नीति का विरोध कर रहे 14 प्रदर्शनकारियांें को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शहर पुलिस अधीक्षक :सीएसपी: प्रशांत चौबे ने बताया कि इन लोगों को विजय नगर क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग होेने की आशंका में तब गिरफ्तार किया गया, जब वे विरोध प्रदर्शन करते हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन के आयोजन स्थल की ओर बढ़ रहे थे।
उन्होंने कहा कि इन लोगों ने प्रदर्शन के लिये प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी।
उधर, गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता तपन भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिये बहु..फसली जमीन का अधिग्रहण कर रही है, जिससे बड़ी संख्या में किसान विस्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की गलत नीति से विस्थापित किसानों के मुद्दों को लेकर वह और अलग..अलग संगठनों के कार्यकर्ता विजय नगर क्षेत्र में अहिंसक और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हेंं सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका के नाम पर गिरफ्तार कर लिया।