एक 47 वर्षीय बोस्नियाई व्यक्ति ने हज करने के लिए पवित्र शहर मक्का तक की 5650 किलोमीटर लंबी यात्रा पैदल ही पूरी की ।
बताया जाता है कि सिनाद हादज्कि को सउदी अरब के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र में स्थित पवित्र शहर तक पहुंचने के लिए दस माह का समय लगा और इस दौरान वह सर्बिया, बुल्गारिया, तुर्की, जोर्डन और युद्धग्रस्त सीरिया से होते मक्का पहुंचे ।
हादज्कि ने कहा, एक भी दिन आराम से नहीं गुजरा । हर दिन नयी समस्या थी।
वह दिसंबर में बोस्निया ़हर्जेगोविना के शहर बानोविसी से करीब 260 डालर की रकम लेकर हज पर पैदल रवाना हुए थे । अपनी 314 दिन की यात्रा के दौरान उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा । रियो नोवेस्ती संवाद एजेंसी ने यह जानकारी दी है ।
बुल्गारिया से गुजरते हुए उन्हें दिसंबर में शून्य से 35 डिग्री नीचे के तापमान में प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला ।
हादज्कि ने बताया कि उनकी यात्रा के दौरान सबसे अधिक मुश्किल दौर सीरिया में पेश आया जहां पिछले साल से सरकार और विद्रोहियों के बीच खूनी संघर्ष जारी है ।
उन्होंने बताया कि सीरियाई सीमा पर ही दिक्कतें शुरू हो गयीं और उन्हें देश से गुजरने के लिए कहीं सरकारी सैनिकों तो कहीं विद्रोहियों से मान मनौव्वल करनी पड़ी।
हादज्कि ने बताया, एक सीरियाई सैनिक ने मुझसे : यदि जिंदा बचा तो : मक्का में उसके लिए प्रार्थना करने को कहा ।
भाषा नरेश