लंदन, 20 अक्तूबर :भाषा: ब्रिटेन की सरकार के मुख्य सचेतक एंड्रयू मिशेल ने डाउनिंग स्ट्रीट पर कुछ पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी किए जाने के अपने उपर लगे आरोपों के चलते इस्तीफा दे दिया है।
मिशेल ने कल शाम इस्तीफा दिया। इस्तीफे को लेकर उन पर दबाव बढ़ रहा था। दरअसल, डाउनिंग स्ट्रीट के मुख्य द्वार से गुजरते समय वह अधिकारियों पर बरस पड़े थे। अधिकारियांे ने उन्हें प्रवेश द्वार से साइकिल ले जाने की इजाजत नहीं दी थी।
लेबर पार्टी के सांसदों ने इसके लिए बुधवार को मिशेल हटाओ नामक अभियान चलाया।
प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को लिखे पत्र में मिशेल ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि मैं अपने कर्तव्यों का निवर्हन नहीं कर पाउंगा।
कैबिनेट मंत्री ने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने अधिकारियों के समक्ष यह कभी नहीं कहा कि अन्य प्रवेश द्वार की बजाय मुख्य प्रवेश द्वार विशेष रूप से उनके लिए खोला जाए।
उन्होंने अधिकारियों से बुरा बर्ताव किये जाने की बात से इनकार कर दिया।
मिशेल ने यह स्वीकार किया कि यह घटना उनकी पार्टी के लिए निराशाजनक और नुकसानदायक है।