| पीएनबी का मुनाफा बढ़ा | | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली May 09, 2012 | | | | |
अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में दबाव के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 1,424 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल किया। एक साल पहले इसी तिमाही की तुलना में यह 18.6 फीसदी अधिक है।
पीएनबी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक केआर कामत ने आज यहां बैंक के निदेशक मंडल की बैठक के बाद वर्ष 2011-12 की चौथी तिमाही और पूरे वर्ष के परिणाम घोषित किए। पूरे वर्ष के दौरान बैंक का शुद्ध मुनाफा 10.2 फीसदी बढ़कर 4,884 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इससे पिछले वर्ष बैंक ने 4,433 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
बैंक ने 2011-12 के लिए अपने शेयरधारकों को 220 फीसदी लाभांश देने की घोषणा की है। वर्ष के दौरान बैंक की ऋण वृद्धि 21.3 प्रतिशत बढ़कर 2,93,775 करोड़ रुपए हो गई। वर्ष 2011-12 में बैंक की जमा पूंजी भी 21.3 फीसदी बढ़कर 3,79,588 करोड़ रुपये रही। बैंक का कुल कारोबार भी इतनी ही वृद्धि के साथ 6,73,363 करोड़ रुपये रहा।
|