आतंकी ठिकानों पर अपने सटीक निशाने के लिए लोकप्रिय ड्रोन विमानों की सफलता से उत्साहित अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए पाकिस्तान, यमन तथा उत्तरी अफ्रीका में पांव फैलाते अल कायदा से निपटने के लिए अपने ड्रोन बेड़े में विस्तार की मांग कर रही है ।
द वाशिंगटन पोस्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि सीआईए ने ड्रोन विमानों के बेड़े में विस्तार के लिए व्हाइट हाउस की मंजूरी मांगी है जिससे खुफिया एजेंसी का एक अद्र्धसैनिक बल के रूप में विस्तार होगा।
सीआईए के सशस्त्र और मारक ड्रोन बेड़े के विस्तार के कदम के बीच अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी अभी भी ओसामा बिन लादेन के उत्तराधिकारी अयमान अल जवाहिरी और पाकिस्तान में हक्कानी नेटवर्क के शीर्ष आतंकवादियों की खोज को जारी रखे हुए है ।
सीआईए के निदेशक डेविड पेट्रोस द्वारा पेश इस प्रस्ताव को यदि मंजूरी मिल जाती है तो बेड़े में दस और ड्रोन विमानों को शामिल किया जा सकेगा। बेड़े में पिछले कुछ सालों में ड्रोन विमानों की संख्या 30 ़ 35 के बीच रही है ।
अधिकारियों ने बताया है कि इस प्रस्ताव के नतीजे का आतंकवाद विरोधी नीति पर व्यापक असर पड़ेगा । इससे यह स्थिति भी स्पष्ट होगी कि क्या सीआईए खुफिया जानकारी एकत्र करने पर ही मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित करेगा या विदेशों में आतंकवादियों को निशाना बनाने में अहम भूमिका में रहेगा।