मेलबर्न, 17 अक्तूबर : भाषा : आस्ट्रेलिया के एक राजनीतिग्य ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को खेलों में योगदान देने के लिये आर्डर आफ आस्ट्रेलिया से सम्मानित करने के प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड के फैसले पर सवाल उठाये हैं।
एबीसी की रिपोर्ट के अनुसार निर्दलीय सांसद राब ओकशाट ने इस स्टार बल्लेबाज के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया है लेकिन उन्होंने कहा कि विशेष सम्मान का उपयोग राजनीतिक फायदे के लिये नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा, मैं सचिन तेंदुलकर को पसंद करता हूं। मुझे क्रिकेट पसंद है लेकिन आप इसे नरम कूटनीति कह सकते हैं जिससे मुझे समस्या है। आस्ट्रेलियाई सम्मान के जरिये ऐसा किया गया।
ओकशाट ने कहा कि आर्डर आफ आस्ट्रेलिया केवल सामुदायिक कार्यो में योगदान देने वाले आस्ट्रेलियाई नागरिकों को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, मैं इसके लिये हायतौबा नहीं मचा रहा हूं लेकिन सम्मानितों की सूची में केवल आस्ट्रेलियाई होने चाहिए क्योंकि यह उनकी अखंडता से जुड़ा मसला है।
ओकशाट ने कहा कि तेंदुलकर को सम्मान कूटनीति का हिस्सा है। उन्होंने इसके साथ ही आस्ट्रेलिया भारत पुरस्कार जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मान की शुरुआत करने की भी सलाह दी।