तृणमूल कांग्रेस द्वारा समर्थन वापस लिए जाने से उत्पन्न स्थिति के बीच संप्रग को बड़ी राहत प्रदान करते हुए समाजवादी पार्टी ने आज कहा कि वह सरकार को अपना समर्थन जारी रखेगी क्योंकि वह सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता में नहीं आने देना चाहती ।
समाजवादी पार्टी :सपा: के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने संवाददाताओं से कहा, हमारा समर्थन स्पष्ट है । हम सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता में नहीं आने देंगे । इसीलिए मैं समर्थन कर रहा हूं । मैं संप्रग में नहीं हूं । लेकिन हम समर्थन कर रहे हैं, ताकि सांप्रदायिक शक्तियां आगे नहीं बढ़ सकें ।
मुलायम का बयान संप्रग के लिए बड़ी राहत की बात है जिसकी लोकसभा में संख्या तृणमूल के समर्थन वापस लेने के बाद 273 से घटकर 254 रह गई है ।
बाहर से समर्थन कर रही सपा :22: और बसपा :21: के कारण गठबंधन के पास 545 सदस्यीय लोकसभा में 300 से अधिक सांसदों का समर्थन होगा । सरकार के पास साधारण बहुमत के लिए कम से कम 273 सांसदों का समर्थन होना चाहिए ।
यह पूछे जाने पर कि क्या सपा संप्रग से समर्थन वापस लेगी, मुलायम ने कहा, हम समर्थन वापस क्यों लेंगे ? हमें सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता से दूर रखना है । लेकिन हम संप्रग में शामिल नहीं हैं ।
उनकी टिप्पणी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश :एफडीआई: और डीजल के दामों मैं वृद्धि को लेकर सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान वाम दलों, जनता दल :एस:, बीजद और तेदेपा नेताओं के साथ मंच साझा करने के एक दिन बाद आई है । मुलायम ने हालांकि, नजदीक ही स्थित एक प्रदर्शन स्थल पर भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करने से इनकार कर दिया था जहां वाम नेता सीताराम येचुरी और एबी बर्धन भी मौजूद थे ।