इस्लामाबाद, 18 सितंबर :भाषा: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ ने आज सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि सरकार राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले बंद करने के लिए स्विस प्राधिकारियों को लिखा पूर्व अटॉर्नी जनरल का पत्र रद्द कर देगी।
इस कदम से जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले फिर से खोलने की राह प्रशस्त हो जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई 25 सितंबर तक स्थगित कर दी और प्रधानमंत्री को अगली सुनवाई में खुद पेश होने से छूट भी दे दी।
न्यायमूर्ति आसिफ सईद खोसा की अगुवाई वाली पांच सदस्यीय पीठ के समक्ष अशरफ ने कहा कि उन्होंने विधि मंत्री फारूक नाइक को आदेश दिए हैं कि वर्ष 2007 के आखिर में पूर्व अटॉर्नी जनरल मलिक कयूम द्वारा लिखा गया पत्र रद्द कर दिया जाए।
जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले फिर से खोलने में असफल रहने की वजह से अवमानना के आरोपों का सामना करनेे के लिए अशरफ आज सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए थे।