| मानेसर संयंत्र में वेल्ड शॉप का संचालन शुरू | | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली September 02, 2011 | | | | |
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजूकी ने आज हरियाणा के मानेसर स्थित अपने दूसरे संयंत्र में वेल्ड शॉप का संचालन शुरू कर दिया और कारखाने के श्रमिकों की हड़ताल जारी रहने के बावजूद 125 वाहनों का उत्पादन किया।
कंपनी के एक वरिष्ठï अधिकारी ने बताया, 'मानेसर के दो उत्पादन संयंत्र (ए और बी) एकीकृत हैं। दूसरे संयंत्र के वेल्ड शॉप में तैयार उत्पादों को एसेंबल करने के लिए पहले संयंत्र में भेजा जाता है। चूंकि दूसरा संयंत्र अत्यधिक स्वचालित है, इसलिए वहां समान अवधि में समान कर्मचारी 30-40 फीसदी अधिक उत्पादन करते हैं। इससे हमें श्रमिकों की कमी वाली स्थिति में भी उत्पादन जारी रखने में मदद मिलती है।
उत्पादन प्रक्रिया के दौरान उपकरणों की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता और वाहनों के निरीक्षण का काम इंजीनियर और फ्रंटलाइन प्रबंधक करते रहते हैं।
इस बीच मारुति सुजूकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) और इसके कर्मचारियों के बीच का टकराव आज पांचवां दिन भी जारी रहा। प्रस्तावित मारुति सुजूकी कर्मचारी यूनियन (एमएसईयू) के महासचिव शिव कुमार ने कहा, 'हम हड़ताल पर नहीं हैं, कंपनी ने हमें बाहर निकाला हुआ है। हम अब राज्य सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह करने वाले हैं और उनसे कहने वाले हैं कि ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की जाए कि हम काम पर वापस आ सकें।
हालांकि कुमार ने यह स्पष्टï किया कि कंपनी प्रबंधन के निर्देशों के मुताबिक कर्मचारी अच्छे व्यवहार के नियमों वाले बॉन्ड पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, 'हम अपनी मांगों पर कायम हैं। कंपनी प्रबंधन को यह बॉन्ड वापस लेना पड़ेगा, निलंबित श्रमिकों को बहाल करना होगा और हमारी स्वतंत्र यूनियन को मान्यता देनी होगी।
|