बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य भर में फरार और वारंटी अपराधियों के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में पुलिस ने दो दिनों के भीतर 12216 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस महानिदेशक :मुख्यालय: रवींद्र कुमार ने बताया कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में तीन दिन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बीते दो दिन के दौरान पुलिस ने 12216 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि कल 5239 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि आज 6977 की गिरफ्तारी की गयी।
पुलिस ने हाल में आपराधिक घटनाओं में बढोतरी को लेकर जमानती वारंट, गैर जमानती वारंट, फरार अपराधियों के खिलाफ तीन दिन का विशेष अभियान चला रखा है।
कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस को भागलपुर और बेगूसराय से अपत दो लोगों को मुक्त कराने में और एक अवैध मिनीगन फैक्टरी का भंडाफोड करने में सफलता मिली है। पुलिस ने पांच आग्नेयास्त्र और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।