| भाजपा-नीतीश की जंग से कारोबारी परेशान | | सत्यव्रत मिश्रा / पटना June 22, 2010 | | | | |
भाजपा-जनता दल (यू) के बीच मचे राजनीतिक घमासान की वजह से बिहार के कारोबारियों की भी रातों की नींद हराम हो गई है। उनकी मानें तो इससे सूबे के कारोबारी माहौल पर असर हो रहा है।
उनकी यही मांग है कि यह विवाद जल्द से जल्द खत्म हो जाना चाहिए। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पी.पी. अग्रवाल ने 'बिजनेस स्टैंडर्ड' को बताया कि, 'यह विवाद वाकई काफी दुर्भाग्यपूर्ण था। इससे बिहार की छवि पर असर हो रहा है। बीते साढ़े चार सालों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में निवेश का एक माहौल बना था। अगर यह विवाद जल्द नहीं सुलझा तो इससे इस माहौल पर असर होगा।'
बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के.पी. झुनझुनवाला भी उनसे इत्तेफाक रखते हैं। उनका कहना है कि, 'हमें पूरी उम्मीद है कि यह मामला जल्दी निपट जाएगा। अगर यह मसला जल्द नहीं निपटा तो बिहार में कारोबार के माहौल पर काफी असर पड़ सकता है। विकास के लिए स्थायित्व काफी जरूरी चीज होती है। बीते साढ़े चार सालों में बिहार में स्थिरता रही, जिससे यहां कारोबारी माहौल काफी तेजी से पनपा। इसी कारण से बिहार आज इतनी तेज गति से विकास कर रहा है। इसे सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए।'
झुनझुनवाला ने बताया कि, 'इस पूरे विवाद से बिहार को लेकर काफी गलत संदेश गया है। आज भले ही यह संदेश राजनीतिक हो, लेकिन इसे आर्थिक रूप में लेने में देर नहीं लगेगी। हालांकि, हमें पूरी उम्मीद है कि यह मसला जल्द ही खत्म हो जाएगा।' सूबे के एक प्रमुख कारोबारी के.पी.एस. केशरी ने बताया कि, 'अब इस मामले के खत्म होने की खबरें आ रही हैं, जिससे हम सभी काफी खुश हैं। इस विवाद के कारण हम सभी काफी परेशान थे।'
हालांकि, इस विवाद में कई कारोबारी दबी जुबान में जद (यू) और भाजपा, दोनों की आलोचना भी कर रहे हैं। एक कारोबारी ने बताया कि, 'इस पूरे मामले को बेकार में नीतीश कुमार ने तूल दिया। जिस विज्ञापन को लेकर यह सारा विवाद खड़ा हुआ है, उसमें मौजूद तस्वीर तो असली है। वे बेकार में बेखेड़ा खड़ा कर रहे हैं। कोसी बाढ़ के पीड़ितों के लिए आई रकम भी जनता की राशि थी।
उन्हें ऐसे मनमाने तरीके से लौटाने का हक नहीं था। वहीं, भाजपा का रवैया भी ठीक नहीं है। जब वह जानती है कि नीतीश, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद नहीं करते, तो उसके कार्यकर्ताओं ने वह विज्ञापन क्यों दिया?'
|