| आईआईएम की प्लेसमेंट सेंचुरी | | आईआईएम लखनऊ के सभी छात्रों को मिल गई नौकरी | | | बीएस संवाददाता / लखनऊ March 13, 2010 | | | | |
देश के अग्रणी प्रबंधन संस्थानों में शुमार इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ (आईआईएमएल) ने 315 विद्यार्थियों के अब तक के अपने सबसे बड़े बैच के लिए शत प्रतिशत नौकरियां मुहैया कराकर इस बार की प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।
संस्थान को मिली इस कामयाबी के चलते यह साफ हो गया है कि देश के बिजनेस स्कूलों के विद्यार्थियों पर अब मंदी की मार का असर लगभग न के बराबर पहुंचने लगा है।
आईआईएमएल के विद्यार्थियों को मिलने वाली नौकरियों की पेशकश का आलम यह रहा कि कुल 315 विद्यार्थियों को देश-विदेश की नामी-गिरामी कंपनियों की ओर से 370 से ज्यादा ऑफर मिले। इनमें 41 प्री-प्लेसमेंट ऑफर (इंटर्नशिप पूरे होने के बाद नौकरी) और 123 लेटरल ऑफर (अनुभव के आधार पर ऊंचे पद की पेशकश) शुमार हैं।
हालांकि संस्थान ने छात्रों को दिए गए पैकेज के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस साल कितना उच्चतम वेतन ऑफर किया गया। आईआईएम-एल की प्रवक्ता के मुताबिक- हमारी नीति है कि हम छात्रों को किए पैकेज की पेशकश का खुलासा नहीं करते हैं।
संस्थान की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस बार 315 छात्र-छात्राओं के बैच को 121 कंपनियों की ओर से कुल 370 ऑफर मिले हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, इस बार वित्तीय और आईटी क्षेत्र की ओर से छात्रों को नौकरियों की काफी पेशकश मिली हैं।
हाल में समाप्त हुए प्लेसमेंट सप्ताह के दौरान बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने छात्रों को निवेश बैंकिंग, प्रॉपरायटरी ट्रेडिंग, ट्रेजरी, एमएंडए, वैश्विक जोखिम प्रबंधन में नौकरियों की पेशकश दी है। छात्रों को प्लेसमेंट देने वाले प्रमुख संस्थानों में कैल्यान बैंक, सिटीबैंक, एचएसबीसी, स्टैंडर्ड चार्टर्ड, नोमूरा, कोटक सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और यस बैंक शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि प्रॉक्टर एंड गैंबल, गोल्डमैन सॉक्स और काग्निजेंट जैसी कंपनियों की ओर से छात्रों को दस-दस ऑफर मिले हैं जबकि यस बैंक ने नौ छात्रों की नियुक्ति की है। वहीं डेलायट ने आठ छात्रों को नियुक्त किया है। बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, जेपी मॉर्गन चेज, टीएएस, डियाजियो, एग्रो टेक फूड, मैरिको, आईटीसी और रेकिट बेंनकिसर की ओर से प्री प्लेसमेंट ऑफर किए गए हैं।
बयान के अनुसार, बिक्री और विपणन क्षेत्र में नियुक्ति करने वाली प्रमुख कंपनियों में नोकिया, प्यूमा, पेप्सी जैसी कंपनियां शामिल हैं। इस बार 32 कंपनियां पहली बार आईआईएम-लखनऊ आई हैं। इनमें सेंट्रम, माइक्रोलैंड, फाइजर, सीमंस इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स, सुजलान, एससी जॉनसन और थॉमस कुक शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों ने आईआईएम-एल से छात्रों की नियुक्ति में खासी रुचि दिखाई है। इनमें ओएनजीसी, पावरग्रिड, एनटीपीसी और शिपिंग कॉर्पोरेशन शामिल हैं।
इन कंपनियों ने वित्त, एचआर और सामान्य प्रबंधन में छात्रों को नौकरियों की पेशकश की है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मंदी के चलते कई नामचीन कंपनियों के प्लेसमेंट प्रक्रिया से दूर रहने के कारण संस्थान के 267 विद्यार्थियों के बैच को कुल 284 ऑफर मिले थे।
|