| इन्फोसिस में होने जा रही 15 हजार की बहाली | | नैसकॉम लीडरशिप शिखर सम्मेलन : कंपनी के सीईओ सह एमडी एस गोपालकृष्णन का ऐलान | | | एजेंसी / मुंबई February 12, 2010 | | | | |
इन्फोसिस टेक्नोलाजिज आगामी दिनों में 15 हजार नई नियुक्तियां करेगी। कंपनी ने इसके लिए कैंपस का रुख करना भी शुरू कर दिया है।
साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह यूरोप और कुछ गैर-अंग्रेजी भाषी देशों में भी अधिग्रहण की संभावनाएं तलाश रही है। इन्फोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक एस गोपालकृष्णन ने नैसकॉम के भारत लीडरशिप मंच के मौके पर कहा, 'हम अधिग्रहण की संभावनाएं तलाश रहे हैं।'
गोपालकृष्णन ने कहा कि कंपनी यूरोप और गैर-अंग्रेजी भाषी देशों और यहां तक कि अमेरिका में अधिग्रहण की संभावनाएं तलाश रही है। उन्होंने कहा, 'हमने कहीं पर भी अधिग्रहण का विकल्प खुला रखा है।' उन्होंने कहा कि कंपनी की योजना अगले साल के लिए कैंपस नियुक्ति की है। 'हम कैंपस नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हम कैंपसों से 15 हजार नियुक्तियां करेंगे।'
कीमतों के बारे में पूछे जाने पर गोपालकृष्णन ने कहा कि इसमें बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। यह स्थिर रहेगी। इन्फोसिस के सीईओ ने कहा कि हमने अक्टूबर में भारत में वेतन में औसतन 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। 'हम अप्रैल में भी ऐसा करेंगे। वेतन वृध्दि का अगला चक्र अप्रैल में है।'
चीन के बाजार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमें चीनी बाजार का फायदा लेने के लिए अभी काफी कुछ करना होगा। 'हमें वहां दीर्घावधि के लिए रहना होगा, जो हम कर रहे हैं। हम वहां आज निवेश कर रहे हैं, जिसका लाभ दीर्घावधि में मिलेगा।
|