उत्तर प्रदेश जिले बुलंदशहर के बोरोली गांव में धार्मिक स्थल पर माइक लगाने को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसा के दौरान चोटिल एक महिला ने कल देर रात दम तोड़ दिया। भारी तनाव के मद्देनजर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
पुलिस महानिरीक्षक :मेरठ: जवाहरलाल त्रिपाठी ने बोरोली गांव में हिंसा के दौरान चोटिल होकर दम तोड़ने वाली तेजवीर की पत्नी महसन के घर गये तथा परिजनों को सांत्वना देते हुए दोषी लोगों को जेल भेजने का आश्वासन दिया।
त्रिपाठी ने संवाददाताओं से कहा कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। कल हुई घटना में जो भी दोषी है उन्हें चिन्हित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खुर्जा के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनात कर दी गयी है। खुर्जा पुलिस कोतवाली प्रभारी एवं एलआईयू के दरोगा के खिलाफ जांच बैठा दी गयी है।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि उनके संग्यान में आया है कि बोरोली गांव में धर्मस्थल निर्माण को लेकर दो समुदायों में पिछले 10 वर्षों से विवाद चला आ रहा है।
भाषा सं सेन