| कोड़ा के मधु में हैं हवाला के डंक! | | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली November 06, 2009 | | | | |
करीब डेढ़ साल पहले झारखंड में हुई गड़बड़ी का पहला ठोस एहसास तब हुआ जब प्रवर्तन निदेशालय के कुछ अधिकारियों ने मुंबई हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
वह बैंकाक जा रहा था। उस व्यक्ति के पास से 6 लाख रुपये मूल्य के यात्री चैक बरामद किए गए। इनमें से कई चैकों पर काउंटर साइन किए हुए थे, जिसका अर्थ है कि उनका इस्तेमाल नोटों की तरह किया जा सकता था।
विदेशी मुद्रा से संबंधित कानून के उदार होने के चलते हवाला कारोबार आसान हो गया है। इसी का फायदा उठाकर वह आदमी काला धन सफेद करने के लिए विदेश ले जा रहा था। अब प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के समक्ष सवाल था कि यह धन किसका है। लेकिन उन्हें रोक दिया गया।
महाराष्ट्र सरकार में एक वरिष्ठ मंत्री जो मूल रूप से उत्तर भारतीय है और इस व्यक्ति से संबंधित हैं, ने ऐसा किया। हालांकि प्रर्वतन निदेशालय ने यह मामला रफादफा नहीं किया और न ही उस व्यक्ति को जेल भेजा गया, बल्कि उससे गहन पूछताछ की गई। अब प्रवर्तन निदेशालय के पास गिरफ्तारी के समय उठे सवाल का जवाब है।
गहन जांच से पता चला कि गिरफ्तार व्यक्ति से बरामद धन का संबंध आधा दर्जन राजनेताओं से है, जिसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी शामिल हैं। उधर प्रवर्तन निदेशालय कोड़ा को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रहा है, जिन्हें अस्पताल से कल छुट्टी मिलने की संभावना है।
कोड़ा के दाहिने हाथ की तरह माने जाने वाले विनोद सिन्हा के भाई विकास सिन्हा को विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार के समक्ष पेश किया गया जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। विकास सिन्हा हवाला के जरिए कोड़ा के अवैध निवेश करने के मामले में कथित तौर पर संलिप्त है।
प्रवर्तन निदेशालय की उप निदेशक प्रभा कांत ने संवाददाताओं से कहा, 'विकास सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है।' आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'उससे 2,000 करोड़ रुपये के कथित हवाला घोटाले और अवैध निवेश मामले में पूछताछ की जाएगी।'
अधिकारी ने यह भी कहा कि कोड़ा के निजी सहयोगी हरेंद्र सहित कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई है। प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष हाजिर होने के बाद सिन्हा को गिरफ्तार किया गया। 38 वर्षीय कोड़ा पर हवाला और अवैध निवेश के जरिए 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति जुटाने का आरोप है।
दिल्ली, मुंबई और कोलकाता सहित देश भर के 9 शहरों के 70 स्थानों पर एक सप्ताह तक चली छापे की कार्रवाई के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने बीते बुधवार कोड़ा के रांची स्थित आवास के एक कमरे और उसमें रखीं अल्मारियों को सील कर दिया था।
|