| 4,800 पर निफ्टी में मजबूत प्रतिरोध | | वायदा एवं विकल्प | | | बी जी शिरसाठ / मुंबई November 06, 2009 | | | | |
मजबूत वैश्विक धारणा और बैंकिंग शेयरों की खरीदारी की वजह से निफ्टी 4,800 के करीब बंद हुआ। देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई में 3.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई वहीं प्रतिद्वंद्वी कंपनी आईसीआईसीआई बैंक में 0.5 फीसदी का इजाफा हुआ।
एफऐंडओ सेगमेंट में 4,800 के स्तर के ऊपर निफ्टी वायदा में कारोबारी शॉर्ट पोजीशन को कवर करते हुए और जब निफ्टी ने 4,800 के स्तर के नीचे कारोबार शुरू किया तो मुनाफावसूली करते देखा गया।
निफ्टी नवंबर वायदा हाजिर के मुकाबले 6 अंकों की छूट के साथ बंद हुआ और इसके ओपन इंटरेस्ट में से 631,950 शेयर कम हुए। इससे मंदड़ियों द्वारा ताजा शॉर्ट बिल्ड अप के संकेत मिलते हैं। निफ्टी वायदा के इंट्राडे पैटर्न से संकेत मिलते हैं कि जब निफ्टी ने 4,800 के स्तर के नीचे कारोबार शुरू किया तब दिन के कारोबारी अपनी लांग पोजीशन को कवर कर रहे थे।
सोमवार को बाजार में मुनाफावसूली की उम्मीद है क्योंकि कारोबारी तेजी से सुधार की उम्मीदों के बीच 4,800 और 4,900 स्ट्राइक कॉल की बिकवाली करते हुए देखे गए। दिलचस्प बात यह है कि शुक्रवार को निफ्टी के 4,800 के स्तर के ऊपर रहने के बावजूद कारोबारी 4,600 और 4,700 पुट ऑप्शन की खरीदारी कर रहे थे।
वहीं 4,600 पुट में लगभग 10 लाख शेयरों के ओपन इंटरेस्ट जुड़े जबकि 4,700 पुट में खरीदारी के जरिये 8.5 लाख शेयर जुड़े। कारोबारियों ने 4,700 के कॉल ऑप्शन में मुनाफा बुक किया क्योंकि इस कॉल के ओपन इंटरेस्ट में बिकवाली की वजह से 289,000 शेयरों की कमी आई।
4,800 और 4,900 कॉल ऑप्शन ने मिलकर बिकवाली के जरिये ओपन इंटरेस्ट में 11 लाख शेयर जोड़े। इससे यह संकेत मिलता है कि निफ्टी को 4,800 के स्तर के ऊपर मजबूत प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है। 5000 के कॉल में अदला-बदली देखी गई और 51 लाख शेयर के कारोबार के बावजूद इस कॉल के ओपन इंटरेस्ट में 37,650 शेयर जुड़े।
|