Sunday, Nov 22, 2009
    Archive     
                                
होम > बाजार   

फिर दुही जाएंगी दुधारू गायें
सरकार सूचीबद्ध सार्वजनिक उपक्रमों में बेचेगी कम से कम 10 फीसदी हिस्सेदारी
बीएस संवाददाता / नई दिल्ली November 05, 2009

राजकोषीय घाटे के बोझ और खजाने की खस्ता हालत को देखकर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार अपने कमाऊ पूत यानी मुनाफे वाले सार्वजनिक उपक्रमों के पास पहुंच रही है।

सरकार ने ऐसी सभी कंपनियों को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध कराने और उसके बाद उनमें कम से कम 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना बनाई है। बिक्री से मिली रकम सामाजिक योजनाओं को अमली जामा पहनाने में काम आएगी।

इस योजना से बाजार को सहारा मिल सकता है और सरकार को राजकोषीय घाटा पाटने में मदद भी मिल सकती है। नई योजना से तकरीबन 50 सरकारी कंपनियों को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध करने का रास्ता खुल सकता है। इनमें भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), राइट्स लिमिटेड और इरकॉन भी शामिल हैं।

लेकिन सरकार ने सूचीबद्ध कराने के लिए यह शर्त रखी है कि कंपनी पिछले तीन साल से लगातार मुनाफा कमा रही हो। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आज यह फैसला लिया। समिति की बैठक के बाद गृह मंत्री पी चिदंबरम ने बताया कि सूचीबद्ध सार्वजनिक उपक्रमों की कम से कम 10 फीसदी हिस्सेदारी अनिवार्य रूप से बेची जाएगी।

इनमें सरकार को नैशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएमडीसी) में 8.3 फीसदी और एमएमटीसी में 9.3 फीसदी हिस्सेदारी बेचनी होगी। चिदंबरम ने यह भी जाहिर कर दिया कि इन गैर सूचीबद्ध कंपनियों के शेयर बाजार में पहुंचने के बाद उनकी 10 फीसदी हिस्सेदारी भी बेच दी जाएगी।

इस बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'बेशक मुनाफा कमाने वाली किसी भी कंपनी में 100 फीसदी हिस्सेदारी सरकार अपने पास नहीं रख सकती।' उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण और वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के बजट भाषण में यह साफ बताया गया था।

गृह मंत्री ने बताया कि विनिवेश के बाद भी सरकार के पास इन उपक्रमों की कम से कम 51 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी। विनिवेश के जरिये इकट्ठा होने वाली रकम राष्ट्रीय निवेश कोष में जमा होगी। अप्रैल 2009 से मार्च 2012 तक इस कोष में जमा होने वाली रकम का इस्तेमाल सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं में किया जाएगा। उसके बाद जमा रकम कोष में ही रहेगी।

चिदंबरम ने इसके लिए खजाने की खस्ता हालत का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राजकोषीय हालात मुश्किल हैं, इसीलिए रकम हासिल करने के लिहाज से विनिवेश किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि शेयरों की बिक्री के लिए सरकार ने अभी तक कोई मियाद तय नहीं की है। उन्होंने कहा कि बाजार में हालात अनुकूल होने के बाद उचित समय पर शेयर बिक्री की जाएगी।

बाज़ार ने भरी हामी

विनिवेश योजना का ऐलान विदेशी बाजारों की सुस्ती पर भारी पड़ा और देसी बाजार उछाल के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सुबह तेजी से गिरा था, लेकिन फिर उसमें 523 अंक का उछाल आया और कल के मुकाबले 151.77 अंक चढ़कर वह 16063.90 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 54.75 अंक चढ़कर 4765.55 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाज़ार में दहाड़ेंगे सरकारी शेर

सरकार ने विनिवेश को रफ्तार देने का किया फैसला
सूचीबद्ध पीएसयू में 10 फीसदी विनिवेश अनिवार्य
गैर सूचीबद्ध पीएसयू जाएंगे शेयर बाज़ार में
सूचीबद्ध होने पर उनका भी होगा विनिवेश
इससे रकम इकट्ठा होगी राष्ट्रीय निवेश कोष में
मार्च 2012 तक एकत्र रकम लगेगी सामाजिक योजनाओं में

  
New Document
  
देसी सीमेंट कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी में सेंध
दिसंबर में काजू निर्यात 10 फीसदी बढ़ा
हिंदुस्तानियों पर भी तेजी से चढ़ रहा है गोल्फ का अनोखा जादू
गाला फूड्स भारतीय ब्रेवरीज बाजार में उतरी
सॉफ्टवेयर बताए, कौन सा शेयर बेहतर
  
5,100 के ऊपर जाएगा निफ्टी!
एकीकरण की खबरों से बैंक शेयरों में आई तेजी
जेएसडब्ल्यू स्टील : जापान से जुड़े तार
पीएमएस के लिए निवेश के नए रास्ते की तलाश में सेबी
पीएन के जरिए बढ़ा शेयरों में निवेश
उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स रहा 238 अंक ऊपर
17,000 के पार बंद हुआ बाजार
बाजार ने बनाई 200 अंकों की बढ़त
 
  
क्या निजी क्षेत्र के आने से हो जाएगा शिक्षा का बाज़ारीकरण?
हां
नहीं
  
  17021.85 (236.2)
  5052.45 (63.45)
  46.64  
  17222 (-9)  
  28343 (31)  
: 20/11/09 00:00
 
ABOUT US PARTNER WITH US JOBS@BS ADVERTISE WITH US TERMS & CONDITIONS CONTACT US
Business Standard Ltd. Copyright & Disclaimer feedback@business-standard.com

Site best viewed with IE 6.0 or higher, Firefox 2.0 & above at a minimum screen resolution of 1024 x 768 pixels on Windows XP or Windows Vista operating system.