| रिजर्व बैंक ने बढ़ाया सोने का भंडार | | आईएमएफ ने भारत के केंद्रीय बैंक को बेचा 200 टन सोना | | | बीएस संवाददाता / मुंबई November 03, 2009 | | | | |
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से करीब 200 टन सोना खरीदने की घोषणा की है। इस सौदे की कीमत करीब 6.7 अरब डॉलर है।
आईएमएफ की ओर से सितंबर में करीब 403.3 टन सोना बेचने का निर्णय किया गया था, जिनमें से करीब आधा सोना भारत ने खरीदा है। आईएमएफ इस रकम से निर्धन देशों को रियायती दरों पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय संसाधन सुलभ करागी।
आईएमएफ ने कहा कि सौदे की प्रक्रिया अक्टूबर 19-30 के बीच रोजाना सोने की बिक्री के आधार पर की गई है, जिसकी कीमत उस दिन के बाजार मूल्य पर आधारित था। सोने की इस खरीद के बाद आरबीआई के पास इसका भंडार 357 टन से बढ़कर 557 टन हो जाएगा। यह सौदा आएईएमएफ के कुल सोने के भंडार का आठवां हिस्सा है।
आईएमएफ ने वर्ष 2000 के बाद पहली बार किसी केंद्रीय बैंक को सोना बेचा है। इससे पहले दिसंबर 1999 और अप्रैल 2000 में आईएमएफ ने ब्राजील और मैक्सिको को करीब 1.29 करोड़ औंस सोने की बिक्री की थी।
नैशनल इंस्टीटयूट ऑफ पब्लिक फाइनैंस ऐंड पॉलिसी के प्रोफेसर एन. आर. भानुमूर्ति ने बताया कि अमेरिकी डॉलर में गिरावट के चलते तमाम केंद्रीय बैंक सोने की खरीदारी कर अपना पोर्टफोलियो मजबूत कर रहे हैं। उनका कहना है कि डॉलर के मुकाबले सोना सुरक्षित निवेश माना जाता है।
23 अक्टूबर तक भारत का विदेशी विनिमय रिजर्व करीब 285.5 अरब डॉलर था। इस खरीद के बाद भारत की गोल्ड होल्डिंग 4 से 6 फीसदी हो सकती है, जो चीन समेत अन्य विकसित देशों से काफी कम है। रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर बिमल जालान ने कहा कि इस कदम से आईएमएफ के पास विकासशील देशों को संसाधन मुहैया कराने की योजना को गति मिलेगी।
सोना बना सुहाना
रिजर्व बैंक ने आईएमएफ से 200 टन सोना खरीदा
सौदे की कीमत करीब 6.7 अरब डॉलर होने का अनुमान
आईएमएफ इस रकम से विकासशील देशों की करेगा मदद
|