| केबल टीवी को जल्द ही मिलेगा वाई-फाई का साथ | | आशीष सिन्हा / नई दिल्ली November 03, 2009 | | | | |
मनोरंजन के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी मोड़ आने वाला है, जिसके साथ टेलीविजन तक केबल, आईपीटीवी या इंटरएक्टिव डीटीएच सेवाओं के जरिये पहुंच जल्द ही वायरलेस होते हुए वाई-फाई इंटरनेट कनेकिटविटी से जुड़ जाएगी।
इसका मतलब है कि डिजिटल केबल टेलीविजन उपभोक्ता (जो सेट टॉप बॉक्स के जरिये केबल देखते हैं) अब घर के किसी भी कोने में अपना टीवी सेट ले जा सकते हैं या फिर दूसरे या तीसरे टेलीविजन सेट पर केबल देखने के लिए उन्हें न तो अधिक पैसे चुकाने होंगे और न ही केबल तारों का जंजाल हर तरफ दिखाई देगा।
फिलहाल हर अतिरिक्त डिजिटल केबल कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को 150 से 300 रुपये अतिरिक्त इन्स्टॉलेशन शुल्क देना पड़ता है, जिसके साथ ही उन्हें लगभग 1,500 से 2,000 रुपये तक अतिरिक्त सेट टॉप बॉक्स के लिए चुकाने पड़ते हैं और इसके अलावा सब्सक्रिप्शन पैकेज की लागत भी हर महीने ग्राहक की जेब पर बोझ डालती है।
इंटरनेट प्रोटोकॉल टीवी (आईपीटीवी) सेवा प्रदाता कंपनी अक्ष ऑप्टिफाइबर ने पहले ही वायरलेस सेट टॉप बॉक्स (आईपीटीवी, डिजिटल केबल या डीटीएच सेवाओं के लिए जरूरी उपकरण) अपनी आईपीटीवी सेवाओं के पेश कर चुकी है। दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी एमटीएनएल और बीएसएनएल के साथ विभिन्न राज्यों और मेट्रो शहरों जैसे दिल्ली और मुंबई में अक्ष अपनी आईपीटीवी सेवाएं बंडल के रूप में उपलब्ध करा रही है।
अक्ष ऑप्टिफाइबर के प्रबंध निदेशक कैलाश चौधरी का कहना है, 'हम जल्द ही अपनी आईपीटीवी सेवाओं के लिए वायलेस सेट टॉप बॉक्स का व्यावसायिक लॉन्च करेंगे। इससे ग्राहक आईपीटीवी सेवाओं का इस्तेमाल अपने घर के किसी भी कोने से कर सकते हैं, वह भी सेट टॉप बॉक्स और टीवी सेट के बीच में केबल तारों के कनेक्शन के बिना।'
पर यह तकनीक महंगी होगी, क्योंकि अक्ष ने वायरलेस सेट टॉप बॉक्स की कीमत प्रति इकाई 6,000 रुपये रखी है, जो डिजिटल केबल या डीटीएच, आईपीटीवी सेवाओं के लिए सामान्य बॉक्स की लागत से लगभग तीन गुना अधिक है।
यहां तक कि केबल टेलीविजन घरों में भी बदलाव हो रहा है, क्योंकि नोएडा की एक सेट टॉप बॉक्स निर्माता कंपनी लॉजिक ईस्टर्न ने ग्राहकों की पहुंच इंटरएक्टिव सेवाओं तक पुंचाने के लिए वायरलेस केबल बॉक्स पेश किया है।
लॉजिक ईस्टर्न के मुख्य तकनीक अधिकारी विनीत वाधवा का कहना है, 'हम पहले ही 61,000 बॉक्स पेश किए हैं, जिन्हें केबल तारों से जोड़ने की जरूरत नहीं है। यह 'मेश नेटवर्क' तकनीक पर काम करता है, जिसमें इंटरएक्टिव सेवाएं बिना किसी वायर लाइन कनेक्टिविटी के काम कर सकती हैं।'
उद्योग सूत्रों का कहना है कि कुछ प्रमुख डीटीएच ऑपरेटर ने भी अपनी वैल्यू एडेड सेवाओं जैसे बैंकिंग लेन-देन या डीटीएच इंटरएक्टिव सेवाओं के जरिये टिकट बुक करवाने के लिए वारयलेस तकनीक के लिए परीक्षण किए हैं।
घर के किसी भी कोने में बिना किसी तार देख सकेंगे सारे टीवी चैनल
अक्ष ऑप्टिफाइबर लेकर आएगी यह सेवा
महंगी होगी यह तकनीक
वायरलेस सेट टॉप बॉक्स की कीमत होगी 6,000 रु.
|