| स्टील को चुभी कर्ज़ की कील | | स्टील निर्माता मुकंद लिमिटेड ज़मीन बेचकर चुकाएगी कर्ज़ | | | नेविन जॉन / मुंबई November 02, 2009 | | | | |
विशेष स्टील बनाने वाली कंपनी मुकंद लिमिटेड कर्ज का बोझ हल्का करने के लिए जमीन बेचने की तैयारी कर रही है।
तकरीबन छह साल पहले कर्ज की शर्तें दोबारा से तय करने वाली कंपनी अपने खाते में दर्ज कुल कर्ज को घटाकर आधा करने की योजना बना रही है। योजना को अमली जामा पहनाने के लिए कंपनी मुंबई के अपने संयंत्र की 60 से 100 एकड़ जमीन बेचने जा रही है।
फिलहाल कंपनी पर लगभग 1,300 करोड़ रुपये का कर्ज है और अनुमान है कि जमीन बेचने से वह 600 करोड़ रुपये चुकाने में कामयाब होगी। कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक नीरज बजाज ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि बाहरी एजेंसियों की मदद से जमीन बेचने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी और एक साल में इसे अंजाम दे दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यशील पूंजी के लिए ही ज्यादातर कर्ज लिया गया था और जमीन बेचने के साथ ही उसका भुगतान भी शुरू हो जाएगा। कर्ज की शर्तें दोबारा तय होने के तहत कंपनी अपना 900 करोड़ रुपये का कर्ज अदा कर चुकी है और बाकी का 500 करोड़ रुपये उसे 2015 तक चुकाना है। कंपनी को चालू वित्त वर्ष में 50 से 60 करोड़ रुपये देने हैं।
कंपनी की नासिक के पास सिनार में 42 एकड़, पुणे के पास लोनाड में 40 एकड़, ठाणे-बेलापुर क्षेत्र में 210 एकड़ और कर्नाटक के गिनिगेरा में करीब 250 एकड़ जमीन है। मुकंद में बजाज और शाह परिवार मुख्य प्रवर्तक है और कंपनी में उनकी कुल 53.44 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके अलावा ये कंपनी के गिरवी रखे हुए 1.7 करोड़ शेयरों को भी छुड़ाने की कोशिश में लगे हैं।
बजाज का कहना है, 'नकदी प्रवाह के लिहाज से मुकंद बेहतर वित्तीय स्थिति में है। जब हमने कर्ज की शर्तें दोबारा तय की थीं, तब हमारा सालाना कारोबार 700 करोड़ रुपये था जो बढ़कर अब 2,300 करोड़ रुपये हो गया है।'
ज़मीन बेचकर कर्ज़ का मर्ज़ कम करेगी मुकंद लिमिटेड
मुंबई संयंत्र की 60 से 100 एकड़ ज़मीन बेचने की तैयारी
ज़मीन बेचने से मिलेगी करीब 600 करोड़ रुपये की रकम
कंपनी के ऊपर है तकरीबन 1,300 करोड़ रुपये का कर्ज़
|